उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र में एक दलित महिला द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम संगनखेड़ा निवासी नीलम देवी ने आरोप लगाया है कि उनका घरेलू विद्युत कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिया गया और आपत्ति जताने पर उन्हें जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया गया।
पीड़िता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
नीलम देवी के मुताबिक उनका कनेक्शन नंबर 1242796000 है, जिसे 21 नवंबर 2025 की दोपहर अवर अभियंता (जेई) अविहास श्रीवास्तव और लाइनमैन विपिन कुमार की टीम द्वारा डिस्कनेक्ट किया गया। उनका कहना है कि विभाग ने किसी भी प्रकार का नोटिस जारी किए बिना कनेक्शन काट दिया।
महिला ने बताया कि उनके पति संजय कुमार दिल्ली में मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उनके ऊपर लगभग छह हजार रुपये का बकाया बताया गया था, जिसे वह सरकार की एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना के तहत जमा करने की तैयारी कर रही थीं। पीड़िता का आरोप है कि समय मांगने पर विभागीय कर्मचारियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जातिसूचक टिप्पणी कर धमकाया कि— “जहां शिकायत करनी है कर लो, कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा।”
कनेक्शन कटने के बाद परिवार कई दिनों से अंधेरे में रह रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और घर के दैनिक कामकाज पर गंभीर असर पड़ा है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री से कनेक्शन तत्काल बहाल कराने, ओटीएस योजना का लाभ दिलाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई है, जिसकी संख्या 40015625072459 है। वहीं, बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
