इंफाल। मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा के निकट शुक्रवार सुबह असम राइफल्स की थर्ड बटालियन की पेट्रोलिंग पार्टी पर संदिग्ध आतंकियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। अचानक हुई इस फायरिंग में चार जवान घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, असम राइफल्स के जवान तेंगनौपाल जिले के सैबोल गांव के पास बॉर्डर पिलर नंबर-87 क्षेत्र में नियमित सर्च ऑपरेशन कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी।
हमले में घायल जवानों को हेलीकॉप्टर की मदद से लेइमाखोंग स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान सुरक्षा कारणों से फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
हमले के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा के करीब अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है, ताकि हमलावरों की घुसपैठ या फरारी को रोका जा सके। यह क्षेत्र पहले भी उग्रवादी गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है।
सुरक्षा बलों का कहना है कि ऑपरेशन जारी है और हमलावरों की तलाश में टीमों को आगे बढ़ाया गया है।
