उन्नाव। नवाबगंज क्षेत्र में राजमार्ग पर आवारा जानवरों की बढ़ती संख्या सड़क हादसों की बड़ी वजह बनती जा रही है। शनिवार शाम करीब 6 बजे स्वास्थ्य केंद्र के सामने अचानक एक गाय सड़क पर आ गई, जिससे गुजर रहे बाइक सवार तीन युवक उससे टकराकर घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके से गुजर रही कोतवाली अजगैन पुलिस की टीम ने घायल गाय को किनारे तो कराया, लेकिन तीनों युवक पुलिस को देखकर भाग निकले। आशंका है कि एक बाइक पर तीन लोग सवार होने के चलते वे कार्रवाई के डर से वहां रुकने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
यह घटना प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में आवारा जानवरों की समस्या को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं, इसके बावजूद राजमार्ग पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे।
नवाबगंज में एक गौशाला संचालित है और टोल प्लाजा के पास भी एक बड़ी गौशाला मौजूद है, जहां हर महीने लाखों रुपये का बजट खर्च किया जाता है। इसके बावजूद आवारा जानवर रोजाना सड़क पर घूमते मिलते हैं और कई बार गंभीर हादसों की वजह बन जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जानवरों की मौजूदगी आम यात्रियों की जान जोखिम में डाल रही है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई केवल बैठकों तक सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने मांग की है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस दिशा में ठोस कदम उठाएं ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस बढ़ती समस्या पर प्रभावी नियंत्रण कर पाएगा, या फिर राजमार्ग पर हादसों का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा?
