संवाददाता/बीघापुर, उन्नाव
पाटन, उन्नाव। तेज रफ्तार स्कूली बस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना बिहार थाना क्षेत्र के ग्राम मोहकम गंज की है। बताया गया कि कंचन यादव विद्या मंदिर की बच्चों से भरी बस तेज रफ्तार में आ रही थी, तभी सामने से मोटरसाइकिल पर आए युवक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
घायल युवक की पहचान अमरजीत (उम्र लगभग 21 वर्ष), पुत्र परशुराम निवासी वनपुरा–बेहटा भवानी के रूप में हुई है। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और उसका दाहिना पैर बुरी तरह टूट गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अमरजीत अपनी बहन की 30 नवंबर को होने वाली शादी के लिए सामान खरीदने मोहकम गंज आया था। सामान लेकर वापस घर लौटते समय विद्यालय की बस ने उसे सामने से टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत पाटन सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहाँ से गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
