लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आबकारी विभाग, एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने चंडीगढ़ नंबर के एक ट्रक (PB65AH3597) पर छापा मारते हुए 443 पेटी विदेशी शराब बरामद की है।
छापेमारी के दौरान पकड़े गए ट्रक ड्राइवर सुशील ने पूछताछ में बताया कि शराब चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी। बरामद पेटियों में रॉयल स्टैग, बकार्डी, ऑल सीज़न, ओल्ड हैबिट जैसे नामी ब्रांड शामिल हैं। सभी पैकेटों पर साफ तौर पर लिखा मिला—
“FOR SALE IN CHANDIGARH ONLY”
टीम ने मौके से ट्रक, मोबाइल फोन और करीब ₹5700 नकद भी जब्त किया है।
जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह सचान के अनुसार,
“अवैध शराब तस्करी पर रोक के लिए अभियान लगातार चल रहा है। किसी भी हालत में इस तरह की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
कार्रवाई को शराब तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ी चोट माना जा रहा है और पुलिस अब इस मामले में सप्लाई चेन व गिरोह की पूरी जांच में जुट गई है।
