पाटन, उन्नाव।बाल श्रम रोकथाम के लिए शासन के विशेष अभियान के तहत बीघापुर तहसील मुख्यालय पाटन तकिया में सोमवार को संयुक्त टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान पांच दुकानों से आठ बाल श्रमिक कार्यरत पाए गए। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा है और बच्चों की आयु, कार्य कारण और अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
छापेमारी में प्रवर्तन अधिकारी राधेश्याम सिंह, इंडीवर जोशी, नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव तथा पुलिस विभाग की बाल श्रम एवं मानव तस्करी विरोधी टीम शामिल रही। जांच अभियान में असलम मोटरसाइकिल रिपेयर, वीरेंद्र किराना, चंदा ऑटोमोबाइल्स, नौशाद रिक्शा, राघव मोटर्स और लक्का डेटिंग की दुकानें शामिल थीं।
जांच में मिले आठ बाल श्रमिकों में दो किशोर भी शामिल थे। नायब तहसीलदार ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में उचित जवाब नहीं मिला तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय-समय पर छापेमारी और कठोर कार्रवाई जारी रखने से बच्चों के भविष्य के साथ हो रही लापरवाही रोकी जा सकती है।
