पाटन (उन्नाव)। बीघापुर तहसील मुख्यालय स्थित पाटन में 11 दिसंबर (बृहस्पतिवार) को लगने वाले परंपरागत तकिया मेला की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। मेले का शुभारंभ इस वर्ष भी जिलाधिकारी गौरांग राठी के द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में मंगलवार को उपजिलाधिकारी/मेलाधिकारी रणवीर सिंह ने मेला स्थल में जाकर व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।
एसडीएम रणवीर सिंह ने मंदिर परिसर, मस्जिद क्षेत्र और पूरे मेला ग्राउंड में चल रही सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सफाई कर्मियों को निर्देशित किया कि मेला शुरू होने तक प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्थान पर गंदगी न जमा होने पाए। उन्होंने साफ कहा कि सफाई व्यवस्था में कोताही पाई गई तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला मार्ग, दुकानों के लिए बनाए गए स्थलों, पेयजल की उपलब्धता और विद्युत प्रकाश व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि मेले में निर्बाध बिजली आपूर्ति रहे तथा जहाँ आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त लाइटों की व्यवस्था की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सड़कों पर बैरीकेटिंग, भीड़ नियंत्रण और पुलिस गश्ती के लिए भी जरूरी दिशा–निर्देश दिए गए। मेले में आने वाले वाहन चालकों को सुगमता देने के लिए बनाए गए वाहन स्टैंड का भी उन्होंने जायजा लिया।
प्रशासन की सक्रियता से स्थानीय व्यापारियों व ग्रामीणों में उत्साह है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार तकिया मेला बेहतर व्यवस्थाओं और सुचारू प्रबंधन के साथ संपन्न होगा।

I am really thankful to the holder of this website who has shared this impressive paragraph at at this
time.