उन्नाव। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा की परिचयात्मक बैठक गुरुवार को गदनखेड़ा बाईपास स्थित साक्षी धाम के गुलाब सिंह लोधी सभागार में आयोजित की गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज के निर्देश पर जिला अध्यक्ष आशीष बाबा के आव्हान पर बुलाई गई इस बैठक में आगामी 15 तारीख को लखनऊ में मनाए जाने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन संरक्षक श्रीकृष्ण वर्मा उपस्थित रहे। जिलेभर के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला अध्यक्ष आशीष बाबा ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए संगठन के एक वर्ष के सफर को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि संगठन का पहला वर्ष समाजसेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार के लिए उल्लेखनीय रहा है।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा, जिसके लिए उन्नाव जिले से बड़ा प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। इसी क्रम में उन्होंने सभा में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का माल्यार्पण कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त कर कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि और संगठन संरक्षक श्रीकृष्ण वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की प्रगति आपसी एकता और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि लोधी राजपूत समाज की पहचान परंपराओं, शौर्य और सेवा से जुड़ी है, जिसकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अगले वर्ष गांव-गांव में संगठन का विस्तार ही प्रमुख लक्ष्य होगा।
बैठक में स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया। परिवहन, स्वागत और अनुशासन से संबंधित जिम्मेदारियाँ अलग-अलग टीमों को सौंपी गईं। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाएँ और समाज के वरिष्ठजनों तथा युवाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिले से बड़ी संख्या में वाहनों की व्यवस्था कर लखनऊ तक समाजजन को पहुँचाया जाएगा।
इसके अलावा बैठक में विकास कार्य, सामाजिक सहयोग, छात्र प्रकोष्ठ की सक्रियता और सदस्यता अभियान को लेकर भी सुझाव रखे गए। कई युवाओं ने संगठन में नई ऊर्जा लाने की बात कही। जिला अध्यक्ष ने सभी सुझावों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि स्थापना दिवस के बाद संगठन का विस्तार बड़े पैमाने पर किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित सदस्यों को धन्यवाद दिया और आगामी स्थापना दिवस को सफल बनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने समाजहित और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
