Oplus_16908288
संवाददाता, शिवम सिंह
पाटन,उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक नाबालिग लड़की का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार थाना क्षेत्र के गांव हुलासी खेड़ा मजरा कुतुबपुर निवासी देशराज रैदास की लगभग 14 वर्षीय पुत्री पायल सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
दोपहर करीब 12 बजे गांव के एक युवक ने परिजनों को सूचना दी कि बबूल के जंगल में एक लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव पायल का ही है और उसका गला दुपट्टे से कसा हुआ था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर बिहार थाना पुलिस के साथ सीओ बीघापुर बारा सगवर तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक व दहशत का माहौल बना हुआ है।
