उन्नाव। थाना बिहार क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना बिहार में पंजीकृत मु0अ0सं0 417/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त अमरजीत पुत्र रामशंकर, निवासी ग्राम हुलासीखेड़ा, थाना बिहार, जनपद उन्नाव (उम्र 26 वर्ष) को 18 दिसंबर 2025 को ग्राम हुलासीखेड़ा के बाहर अंबेडकर पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।
मामले का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 16 दिसंबर 2025 को देशराज पुत्र स्वर्गीय हीरालाल, निवासी ग्राम हुलासीखेड़ा, थाना बिहार, जनपद उन्नाव ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री पायल की हत्या के संबंध में थाना बिहार में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त अमरजीत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक उन्नाव के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राहुल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
थानाध्यक्ष राहुल सिंह, उप निरीक्षक बीरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अविनाश ओझा एवं कांस्टेबल अवनीश कुमार शामिल रहे।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
