
पाटन उन्नाव।सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का प्रतीक प्रसिद्ध तकिया मेले में गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति देखने को मिली। मेले के सरकारी कैंप पर आयोजित कार्यक्रम में विकास खंड सुमेरपुर एवं बीघापुर के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एकल व सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति एवं सांस्कृतिक रंग बिखेरकर दर्शकों का मन मोह लिया।
ओसियां विद्यालय के बच्चों ने देशप्रेम से ओत-प्रोत गीत “सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी” प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। वहीं खेसुवा एवं भैरमपुर विद्यालय के विद्यार्थियों ने “देश प्यारा है, यह हमारा है” गीत के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। पाटन विद्यालय के बच्चों ने “ऐ वतन ऐ वतन” तथा “लेकर रंग गुलाल, कान्हा ने कैसो कर दियो लाल” गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी।परसंडा विद्यालय के बच्चों ने “जिस देश में गंगा बहती है” और “देश रंगीला रंगीला” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा शुक्ला खेड़ा, धमनी खेड़ा एवं सुखदेवपुर विद्यालयों के बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि मीरमऊ विद्यालय के विद्यार्थियों ने गीत के माध्यम से कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेलाधिकारी/उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह एवं तहसीलदार गणेश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दर्शकों व अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिक्षक शिव प्रसाद मिश्र, जयशंकर, सुनील कुमार, शिखा गुप्ता, धैर्यवती, ज्योति सिंह, उमेश कुमार, केशव कुमार, कवि चंद्रकांत बाजपेयी सहित कार्यक्रम प्रभारी सुनील दीक्षित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विश्वनाथ ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद बच्चों ने मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। हालांकि कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुमेरपुर व बीघापुर की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
