शमसाद सिद्दीकी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को ‘युवा सहकार सम्मेलन’ एवं यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो-2025 का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने सहकारिता विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचारों, स्टार्टअप्स और उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया। इसके साथ ही सहकारिता के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ और ‘सहकार से आत्मनिर्भरता’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सहकारिता आंदोलन से जुड़कर न केवल अपने लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करें, बल्कि प्रदेश की प्रगति में भी सक्रिय सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सहभागिता से सहकारिता को नई दिशा और गति मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग, युवा उद्यमी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन सहकारिता के माध्यम से प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
