लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को सार्वजनिक जीवन में सभी जनप्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि सतीश महाना केवल एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि उनका शांत स्वर, संतुलित दृष्टि और दृढ़ संवैधानिक समझ कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सदन को स्थिरता, मर्यादा और विश्वास प्रदान करती है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जिस गरिमा और निष्पक्षता के साथ सदन का संचालन करते हैं, वह दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सभी का सम्मान अर्जित करती है। उनके नेतृत्व में सदन केवल कार्यवाही का मंच नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा और लोकतंत्र की गरिमा का संवाहक बना रहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर अध्यक्ष सतीश महाना का मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव आश्वस्त करने वाला रहा है। उनके शब्द अनुभव, संवेदनशीलता और संस्थागत जिम्मेदारी से परिपूर्ण होते हैं, जो जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने ये विचार सोमवार को राज्य विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही में सहभागिता के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट के पश्चात व्यक्त किए।
