पाटन, उन्नाव।तहसील बीघापुर क्षेत्र के ग्राम भोला खेड़ा में सरकारी चकरोड की भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी छोटेलाल पुत्र केशन ने जिलाधिकारी उन्नाव को शिकायती पत्र सौंपकर अवैध निर्माण तत्काल रुकवाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम सभा ऊंचागांव स्थित गाटा संख्या 427, रकबा 0.153 हेक्टेयर में से लगभग 0.006 हेक्टेयर भूमि चकरोड के रूप में दर्ज है। यह चकरोड वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य रास्ता रहा है। आरोप है कि गांव के ही निवासी सताऊ पुत्र सरजू ने उक्त चकरोड की भूमि पर कब्जा कर आरसीसी के खंभे खड़े करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिससे ग्रामीणों का रास्ता बाधित हो रहा है।बताया गया कि इस संबंध में मामला पहले से ही उपजिलाधिकारी बीघापुर की अदालत में वाद संख्या 3412/2024 के रूप में विचाराधीन है। प्रशासन की ओर से संबंधित व्यक्ति पर 54 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। साथ ही जिला मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी द्वारा निर्माण कार्य पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए थे, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप है।ग्रामीणों का कहना है कि मामले में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि संपर्क करने पर फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया जा रहा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।पीड़ित और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि चकरोड की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए, अतिक्रमण हटवाकर रास्ता बहाल कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि प्रशासनिक आदेशों का पालन सुनिश्चित हो सके।
