पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के कस्बा भगवंतनगर स्थित यूएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले कराए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में विद्यालय के संस्थापक सुंदरलाल बाजपेई ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।
प्रतियोगिता के दौरान 200 मीटर दौड़, बाधा दौड़, फ्रॉग रेस, मार्बल स्पून रेस, स्लो साइकिल रेस के साथ-साथ क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राघवेंद्र बाजपेई, प्रधानाचार्य प्रताप सिंह नेगी, आलोक रंजन, मोहित तिवारी, विमला निषाद, काशिफ अली सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रताप सिंह नेगी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
