
पाटन/उन्नाव।जब समाज के कई हिस्सों में आज भी जातिगत भेदभाव की सोच देखने को मिलती है, ऐसे समय में कस्बा पाटन से सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने वाली एक सराहनीय पहल सामने आई है। नए वर्ष के अवसर पर दलित कोरी समाज के लोगों ने जाति-पांति से ऊपर उठकर ऐसा निर्णय लिया, जो समाज को नई दिशा देने वाला साबित हो रहा है।
कस्बा पाटन के तकिया रेलवे स्टेशन के समीप कोरी समाज के करीब सौ परिवार लंबे समय से निवास कर रहे हैं। नववर्ष के मौके पर इन परिवारों ने सर्वसम्मति से अपने मोहल्ले का नाम प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर रखने का निर्णय लिया। इस नामकरण का विधिवत लोकार्पण प्रधान प्रतिनिधि कुलदीप चौधरी ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलदीप चौधरी ने कहा कि जाति-पाति से ऊपर उठकर लिया गया यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ता है, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने देशप्रेम पर आधारित काव्य पंक्तियों के माध्यम से लोगों को सामाजिक एकता का संदेश दिया।
इस मौके पर नामकरण की पहल में सक्रिय भूमिका निभाने वाले धुन्नू, छेदी, अंकित, सतीश और विंदा को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश तिवारी, शिक्षक त्रिलोक चंद्र गुप्ता, आलोक गुप्ता, जयशंकर अवस्थी, ऋषि, करुणा त्रिवेदी, अजय, महेश, संतोष गुप्ता, राम केशव सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल को सामाजिक एकता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
