पाटन, उन्नाव।वादकारियों को सुलभ, बेहतर और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में अधिवक्ता राजेंद्र बहादुर सिंह राठौर निवासी देवी खेड़ा ने एक सराहनीय पहल की है। सोमवार को उन्होंने ग्राम न्यायालय पाटन परिसर के सामने अपना चेंबर खोलकर विधिवत रूप से कार्यारंभ किया।
चेंबर का उद्घाटन ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश कनिष्क सिंह राठौर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर न्यायाधीश ने कहा कि वादकारियों के हित में उठाया गया यह कदम प्रशंसनीय है। उन्होंने अन्य अधिवक्ताओं से भी ऐसी पहल करने का आह्वान किया, जिससे समाज के कमजोर, शोषित और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग को सुलभ व सस्ता न्याय मिल सके।
न्यायाधीश ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण गरीब वादकारियों को योग्य अधिवक्ता नहीं मिल पाते, जिससे उन्हें न्याय पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार की पहल जरूरतमंदों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
अधिवक्ता राजेंद्र बहादुर सिंह राठौर ने कहा कि उनका उद्देश्य वादकारियों को ईमानदार, प्रभावी और न्यायसंगत कानूनी सहायता प्रदान करना है। उन्होंने वादकारियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर अधिवक्ता जितेंद्र श्रीवास्तव, हरकेश, सुरेश पटेल, विकास यादव, विजय बहादुर, प्रदीप मिश्रा, प्रदीप अवस्थी, लाल मनोहर सिंह, ज्ञान शंकर सहित कई अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व शिक्षक व वरिष्ठ पत्रकार भगवती सिंह ने किया।
