उन्नाव।विकासखंड सिकंदरपुर कर्ण के बदरका में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सर्वप्रथम शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर विधायक सदर पंकज गुप्ता, विधायक आशुतोष शुक्ला, जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी ली। आईसीडीएस विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की गई।
मंच से कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आज़ाद भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महानायक थे जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने कहा कि आज़ाद जी का साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत और उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की ओर बढ़ रहे हैं। शिक्षा, सड़क, बिजली, रोजगार और कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। देश की रक्षा क्षमता सशक्त हुई है और भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस अवसर पर विधायक सदर पंकज गुप्ता, विधायक आशुतोष शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने भी शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित कीं और उन्हें सम्मानित किया। समारोह में शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक ट्रस्ट समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
