बीघापुर (उन्नाव)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ा कोला स्थित निराला शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले शैक्षिक भ्रमण के क्रम में इस वर्ष दूसरी बार छात्रों का शैक्षिक टूर लखनऊ के लिए आयोजित किया गया। इस भ्रमण में वे छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जो पूर्व में शैक्षिक यात्रा में सम्मिलित नहीं हो सके थे। यात्रा के दौरान छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
लखनऊ पहुंचने के बाद छात्रों ने विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। इसके पश्चात कानपुर हाईवे रोड बंथरा स्थित एम.जी.आई.एम.टी कॉलेज में निराला शिक्षा निकेतन के शिक्षकों द्वारा छात्रों को कॉलेज के निदेशक से परिचित कराया गया। निदेशक ने छात्रों को कॉलेज स्टाफ से मिलवाया और संस्थान में संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
कॉलेज स्टाफ द्वारा छात्रों को पॉलिटेक्निक, बीटेक, बायोटेक, डी-फार्मा, ऑप्टोमेट्रिक एवं नर्सिंग जैसे प्रमुख पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनके महत्व और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर एम.जी.आई.एम.टी कॉलेज के निदेशक ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी आगे चलकर इंजीनियर और डॉक्टर बनकर देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर कर सकते हैं।
यह शैक्षिक भ्रमण छात्रों के लिए न केवल मनोरंजन का अवसर रहा, बल्कि एम.जी.आई.एम.टी जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में पहुंचकर उन्हें उच्च शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त हुईं। इस विशेष शैक्षिक टूर का नेतृत्व प्रोटेक कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थान के संचालक सूर्यपाल उर्फ प्रोटेक सर ने किया।
