उन्नाव | निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतिम दिन रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और बूथ प्रवासियों ने धरातल पर उतरकर सक्रियता दिखाई। तारागढ़ी, अड़गांव, पासाखेड़ा, गदोरवा और हिम्मतखेड़ा सहित विभिन्न गांवों में प्रवासियों ने बीएलओ (BLO) के साथ मिलकर मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य किया।
पासाखेड़ा: मौके पर ही भरे गए फॉर्म-6

पासाखेड़ा स्थित बूथ पर दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान बीएलओ लक्ष्मीवर्धन पांडेय के साथ बूथ प्रवासी नीलू, बीएलए-2 हरिकृष्ण शुक्ल और शक्ति केंद्र संयोजक रामखेलावन सविता मुस्तैद रहे। टीम ने गांव में सघन जनसंपर्क कर 10 ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची में बढ़वाए। विशेष रूप से कृष्ण कुमार कुशवाहा और सर्वेश कुशवाहा के परिवार से 5 मतदाताओं के ‘फॉर्म-6’ भरवाकर मौके पर ही जमा कराए गए।
नामों में सुधार और त्रुटियों का निस्तारण
अभियान के दौरान केवल नए नाम ही नहीं जोड़े गए, बल्कि पुरानी त्रुटियों को भी सुधारा गया। बूथ प्रवासी हरिकृष्ण शुक्ल ने बीएलओ तौकीर बानो और बीएलए-2 करनेश सिंह चौहान के साथ मिलकर मतदाता सूची का शुद्धिकरण कराया। नई वोटर लिस्ट में गीता के स्थान पर ‘नीता’ और प्रेमचंद्र के स्थान पर ‘नेमचंद्र’ जैसे नामों को सही कराकर ग्रामीणों को राहत दी गई।
गदोरवा में भी दिखा उत्साह
गदोरवा के बूथ संख्या 103 पर शक्ति केंद्र संयोजक रामखेलावन सविता और बीएलए रजोल अवस्थी ने ग्रामीणों को जागरूक किया। यहाँ भी 10 नए मतदाताओं के नाम सूची में सम्मिलित किए गए। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक-एक वोट लोकतंत्र की शक्ति है और कोई भी पात्र व्यक्ति इस संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
