उन्नाव | 19 जनवरी 2026
आगामी 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर जनपद में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि 23 जनवरी को सायं 6:00 बजे पुलिस लाइन में ‘ब्लैक आउट’ और ‘मॉक ड्रिल’ का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
सायरन बजते ही बंद हो जाएंगी लाइटें
जिलाधिकारी ने बताया कि ब्लैक आउट के दौरान शाम 6:00 बजे चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही बिजली विभाग संबंधित क्षेत्रों की रोड लाइटें बंद कर देगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे अपने घरों और दुकानों की लाइटें 15 से 20 मिनट के लिए बंद रखें।
मॉक ड्रिल में दिखेगा आपदा प्रबंधन का कौशल
पुलिस लाइन में होने वाली इस मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा (Civil Defense), आपदा मित्र, अग्निशमन दल, पुलिस, स्वास्थ्य और होमगार्ड विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हिस्सा लेंगे। इस दौरान लोगों को हवाई हमले या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में बचाव के गुर सिखाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों का सम्मान
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस के नवनियुक्त स्वयंसेवकों को आईडी कार्ड और टी-शर्ट भेंट की। उन्होंने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विधेस कुमार सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
