संतों और विचारकों ने हिंदू एकता को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया
उन्नाव | संवाददाता
जनपद उन्नाव के पड़री कला स्थित शिवप्रसाद पाण्डेय इंटर कॉलेज परिसर में शनिवार को ‘अनुराग संकल्प’ के तत्वावधान में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन भव्यता और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को सशक्त करना रहा।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक संजय जी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू समाज की संगठित शक्ति ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की नींव है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में परम पूज्य स्वामी भास्करानंद सरस्वती जी एवं श्री श्री नारायण गिरि जी महाराज का दिव्य सानिध्य प्राप्त हुआ। संतों ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज को अपनी पहचान पर गर्व करते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही देश की सांस्कृतिक और नैतिक शक्ति को मजबूती प्रदान करता है।
आयोजन के संयोजक अनुराग उर्फ रोशन त्रिवेदी ने सभी आगंतुकों, संतों और वक्ताओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज में चेतना, एकता और सकारात्मक विचारधारा को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर उनके परिवार के वरिष्ठ सदस्य छन्नूलाल त्रिवेदी, सुरेश उर्फ रानू त्रिवेदी, दीनू त्रिवेदी, किरण त्रिवेदी, पप्पू उर्फ बृजेन्द्र त्रिवेदी, बब्लू त्रिवेदी, बटनलाल शुक्ल, बलाई, भोला त्रिवेदी, नितिन एवं धीरज त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की व्यापकता और सामाजिक महत्व को देखते हुए मीडिया जगत की भी सक्रिय उपस्थिति रही। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं सलाहकार संपादक हरिकृष्ण शुक्ल, मंडल संवाददाता हिमांशु शुक्ल, जिला संवाददाता प्रिंशू शुक्ल, जिला ब्यूरो चीफ देवेंद्र उर्फ देवा सिंह, पत्रकार अखिलेन्द्र तिवारी तथा एडिटर (दिनचर्या) सोनू शुक्ला सहित जनपद के कई पत्रकार मौजूद रहे।
सम्मेलन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित जनसमूह ने इसे सामाजिक चेतना के लिए प्रेरणादायक बताया।
