परिजनों और शरद पवार से मुलाकात कर जताया शोक
बारामती | ब्यूरो रिपोर्ट
महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक गहरे शोक के क्षण में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह गुरुवार को बारामती पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत अजीत पवार के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटे का माहौल देखने को मिला।
अमित शाह ने अजीत पवार के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस अपूरणीय क्षति पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ नेता श्री शरद पवार से भी मुलाकात कर गहरा दुख प्रकट किया।
महाराष्ट्र की राजनीति में अपूरणीय क्षति
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि अजीत पवार समाज और जनता के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने वाले नेता थे। उनके असामयिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि अजीत पवार का सार्वजनिक जीवन सेवा, संघर्ष और जनकल्याण को समर्पित रहा, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
शोक में डूबा बारामती
अजीत पवार के निधन की खबर के बाद बारामती सहित पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
