भगवन्तनगर (उन्नाव)। विधानसभा भगवन्तनगर क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के पंसारी गांव में शुक्रवार को अखिल भारत हिन्दू महासभा उन्नाव के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पुष्प फाउंडेशन की टीम का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह की टीम के सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा की जा रही समाजसेवा अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि निःस्वार्थ भाव से हर वर्ग के लोगों की सेवा करने वाले व्यक्तित्व आज के समय में बहुत कम देखने को मिलते हैं।
सुनील कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें स्वयं समाजसेवा से जुड़ने पर गर्व है और पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों पर पूरे समाज को गर्व होना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के आशीर्वाद और सहयोग से पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह भविष्य में और भी ऊँचाइयों तक पहुँचेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान मैनेजर सिंह, पंकज सिंह बाबा, आशू सिंह, रामजी यादव, मोनू सिंह, अतुल, सुजीत कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
