उन्नाव । विधानसभा भगवंतनगर के सुमेरपुर ब्लॉक अंतर्गत हुलासीखेड़ा गांव में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष व जनप्रिय समाजसेवी प्रकाश सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ पर्व में सहभागिता कर संत रविदास जी तथा संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सामाजिक समरसता और एकता पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रकाश सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी किसी एक समाज या वर्ग के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि यदि एक सुंदर, समरस और विकसित समाज की रचना करनी है, तो जातिगत भेदभाव की बेड़ियों को तोड़ना होगा। समाज तभी आगे बढ़ेगा जब सभी वर्ग एकजुट और संगठित होकर कार्य करेंगे।
अतिथियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि प्रकाश सिंह एवं बिहार थाना अध्यक्ष राहुल सिंह गौर को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक सौरभ भाई, नीलेश कुमार, पत्रकार संदीप, जालिम, शिवम सिंह, रिंकू, रोहित और इंद्रेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।
