बेहतर इलाज व उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
उन्नाव। आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में घायल मरीजों की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी जिला अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें सांत्वना दी।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि सभी घायल मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए और उन्हें उत्तम चिकित्सा सुविधाओं का पूरा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि अस्पताल का स्टाफ नियमित रूप से मरीजों की निगरानी करे और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों के तीमारदारों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की डॉक्टरों की टीम पूरी गंभीरता के साथ इलाज में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी घायल मरीजों की बेहतर देखभाल की जा रही है और किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी, ताकि मरीज जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
