उन्नाव। जिले में सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करते हुए अंकित सिंह परिहार ने दो गंभीर रूप से बीमार और घायल व्यक्तियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के ग्राम सुब्बाखेड़ा निवासी धीरेंद्र यादव एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कई सप्ताह तक कानपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चला। स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों को उनका एक हाथ ऑपरेशन के दौरान अलग करना पड़ा। इसी बीच उनके पिता का भी निधन हो गया, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और अधिक दयनीय हो गई। आगे के इलाज के लिए धनाभाव की जानकारी मिलने पर अंकित सिंह परिहार ने अस्पताल में आवश्यक धनराशि जमा कराकर ऑपरेशन सुनिश्चित कराया।
इसी प्रकार ब्लॉक सुमेरपुर के ग्राम दूलीखेड़ा निवासी महेश कुमार निषाद गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन की सलाह दिए जाने के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण उपचार संभव नहीं हो पा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर अंकित सिंह परिहार ने उन्नाव के एक निजी अस्पताल में धनराशि जमा कराकर उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
अंकित सिंह परिहार ने दोनों मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि समाज का हर जरूरतमंद परिवार उनका अपना है और उनकी सहायता करना उनका कर्तव्य है। क्षेत्र में उनके इस सराहनीय कदम की व्यापक प्रशंसा हो रही है।
