उन्नाव। शिक्षा क्षेत्र बीघापुर से ब्लॉक स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 छात्र-छात्राओं को मंगलवार को शैक्षिक एक्सपोजर विजिट के तहत लखनऊ स्थित आंचलिक विज्ञान केन्द्र अलीगंज ले जाया गया। कार्यक्रम महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय के निर्देश तथा खंड शिक्षा अधिकारी बीघापुर शुचि गुप्ता के आदेशानुसार आयोजित किया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल, प्रयोग एवं तकनीकी प्रदर्शनों का अवलोकन किया। विज्ञान केंद्र में प्रदर्शित आधुनिक तकनीक, अंतरिक्ष विज्ञान, ऊर्जा संरक्षण, रोबोटिक्स और पर्यावरण से संबंधित मॉडलों ने बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित किया। शिक्षकों ने प्रयोगों की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बस संख्या-1 घाटमपुर चौराहा से प्रातः 9 बजे प्रभाकर दीक्षित के नेतृत्व में रवाना हुई। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय बारा (9:15 बजे) से विश्वनाथ सिंह, करनाईपुर (9:30 बजे) से सुरेन्द्र कुमार तथा धानीखेड़ा (9:45 बजे) से दिनेश कुमार की देखरेख में विद्यार्थियों को शामिल किया गया।
वहीं बस संख्या-2 बीघापुर फ्लाईओवर के नीचे से 9:15 बजे गीतिमा गुप्ता के नेतृत्व में चली। इन्देमऊ चौराहा (9:30 बजे) से सुधा तथा पाटन मेला गेट (10:00 बजे) से शिव प्रसाद मिश्रा के प्रभारीत्व में छात्र-छात्राओं को लेकर बस लखनऊ के लिए रवाना हुई।
भ्रमण के उपरांत सभी विद्यार्थियों को ब्लॉक संसाधन केंद्र बीघापुर से सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर मनीषा अवस्थी, योगेश कुमार, आशा सिंह, दीप्ती, धीरज सिंह, पवन कुमार सिंह, सुनील कुमार, कुलदीप कुमार, महेन्द्र सिंह, संतोष कुमार, तरुण कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
खंड शिक्षा अधिकारी शुचि गुप्ता ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को पुस्तक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में विज्ञान एवं तकनीक के प्रति रुचि बढ़ती है और वे भविष्य के प्रति अधिक जागरूक बनते हैं।
