- उन्नाव। आगामी रमजान माह एवं होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्र एवं प्रभारी निरीक्षक अचलगंज द्वारा पुलिस बल के साथ थाना अचलगंज क्षेत्र के कस्बा अचलगंज में पैदल गश्त की गई।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने भीड़-भाड़ वाले इलाकों, मुख्य चौराहों तथा सर्राफा बाजार का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली और दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है।
