गांव-गांव गूंजे फाग गीत, रंग-गुलाल के साथ लोगों ने बांटी खुशियां
संवाददाता : सूर्यपाल (प्रोटेक)
पाटन, उन्नाव। प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक होली का पर्व तहसील बीघापुर के पाटन क्षेत्र में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के गांवों में फगुहारों ने ढोलक, मंजीरा और अन्य साज-बाज के साथ फाग गीत गाते हुए घर-घर जाकर होली की बधाइयां दीं और लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
होली के अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने पिचकारी और रंगों से एक-दूसरे को सराबोर कर दिया। वहीं युवाओं और बुजुर्गों ने भी रंग-गुलाल लगाकर आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
पाटन क्षेत्र के सोहरामऊ, सिजनी, मोहकमगंज, परसंडा और पाटन सहित अन्य ग्राम सभाओं में फगुहारों की टोलियां ढोलक की थाप पर फाग गीत गाते हुए गांव के मंदिरों और घरों तक पहुंचीं। फाग गीतों की मधुर धुन और ढोलक की ताल से पूरा माहौल होली के रंग में रंगा नजर आया।
होली का पर्व समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश देता है। इस दिन लोग अपने पुराने गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं और खुशियों के रंग साझा करते हैं। यही कारण है कि होली को सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व दिया जाता है।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम तथा भाईचारे के साथ त्योहार मनाया।
