उन्नाव, 7 मार्च 2026। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश की उपस्थिति में तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस की शुरुआत जिलाधिकारी ने आईसीडीएस विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ के साथ की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) में प्राप्त शिकायतों को अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। शिकायत ऑनलाइन हो या ऑफलाइन, सभी का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आईजीआरएस सेल को सक्रिय रखें और असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों की गंभीरता से समीक्षा कर कार्रवाई करें। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं फीडबैक लेकर पोर्टल पर सारगर्भित टिप्पणी अपलोड करें।
उन्होंने चक रोड, पैमाइश और अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी को मौके पर टीम भेजकर जांच कराने और समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 52, पुलिस की 23, विकास विभाग की 8, नगर पालिका की 6 तथा अन्य विभागों की 4 शिकायतों सहित कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. सिंह, तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
