उन्नाव।जनपद उन्नाव में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना बारासगवर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित माँ चंद्रिका देवी मंदिर, बक्सर में मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—1090, 112, 1930, 1098 एवं 181 की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। थाना बारासगवर पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा और सम्मान से संबंधित किसी भी शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
