उन्नाव। जनपद के पुरवा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला ने अपने ही ससुराल पक्ष पर लगातार मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और छेड़खानी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय न मिलने से आहत पीड़िता ने अब सीधे मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।
पीड़िता सीमा देवी पत्नी रंजीत, निवासी अंगनुवाखेड़ा मजरा चमियानी, थाना पुरवा ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि 18 मार्च 2026 को उसके साथ बेहद शर्मनाक घटना हुई। आरोप है कि उसकी सास कृष्णा देवी, ननद सुनीता और नंदोई सरवन ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
इतना ही नहीं, पीड़िता का कहना है कि इसके बाद दूसरी ननद रोशनी, खुशबू और उसका पति विमल समेत अन्य लोगों ने भी मिलकर उसे पीटा और उसके साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया। पीड़िता के मुताबिक, यह कोई एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि उसे लंबे समय से लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर पुरवा कोतवाली पहुंची, तो वहां से भी उसे निराशा ही हाथ लगी। आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर न तो कोई ठोस कार्रवाई की और न ही एफआईआर दर्ज करना जरूरी समझा।
अब थक-हार कर पीड़िता ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला न सिर्फ घरेलू हिंसा की गंभीरता को उजागर करता है, बल्कि स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कई बड़े सवाल खड़े करता है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।
