मुंबई। टीवी और ओटीटी (OTT) की दुनिया में अपनी बेहतरीन अदाकारी से खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री पूजा गौर इन दिनों अपनी आगामी वेब सीरीज ‘लुटेरी दुल्हन’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस क्राइम-थ्रिलर सीरीज में पूजा एक बेहद दमदार और चुनौतीपूर्ण भूमिका में नजर आने वाली हैं। वह सीरीज में सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव का किरदार निभा रही हैं, जो समाज की बंदिशों से लड़ते हुए अपराधियों का पर्दाफाश करती दिखेगी।
क्या है ‘लुटेरी दुल्हन’ की कहानी?
यह सीरीज मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी उन रहस्यमयी घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां शादी के तुरंत बाद दुल्हनें अपने ही दूल्हों को लूटकर रफूचक्कर हो जाती हैं। इलाके में लगातार हो रही इन वारदातों से दहशत का माहौल पैदा हो जाता है। पुलिस प्रशासन इस गुत्थी को सुलझाने की जिम्मेदारी जांबाज सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव (पूजा गौर) को सौंपता है। इसके बाद शुरू होता है अपराध, सस्पेंस और रोमांच का एक ऐसा सफर जो दर्शकों को बांधे रखेगा।
सिर्फ क्राइम नहीं, महिला के आत्मसम्मान की लड़ाई है: पूजा गौर
अपने किरदार के बारे में खुलकर बात करते हुए पूजा गौर ने कहा कि इस कहानी की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) इसकी भावनात्मक गहराई है। पूजा के मुताबिक:
”संध्या एक बहादुर और सख्त पुलिस अधिकारी जरूर है, लेकिन उसके भीतर कई व्यक्तिगत संघर्ष भी चल रहे हैं। वह समाज की अपेक्षाओं, फैसलों और खुद को साबित करने के दबाव से जूझती रहती है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह किरदार सिर्फ एक क्रिमिनल केस को सुलझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक महिला की पहचान और आत्मसम्मान की लड़ाई को भी दर्शाता है। समाज अक्सर महिलाओं को एक सीमित नजरिए से देखता है, लेकिन संध्या उन रूढ़िवादी धारणाओं को चुनौती देती है।
पितृसत्तात्मक सोच और दो महिलाओं का टकराव
सीरीज में संध्या और माया नाम के किरदारों के बीच का भावनात्मक टकराव कहानी का मुख्य आकर्षण है। दोनों की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन दोनों ही कहीं न कहीं पितृसत्तात्मक सोच (Patriarchal System) का शिकार हैं। पूजा ने बताया कि संध्या का किरदार महत्वाकांक्षी, संवेदनशील और थोड़ा जिद्दी है, जो उसे बेहद वास्तविक और मानवीय बनाता है।
जल्द रिलीज होगी सीरीज, ट्रेलर को मिला शानदार रिस्पॉन्स
वेब सीरीज ‘लुटेरी दुल्हन’ का निर्देशन ग्लेन बैरेटो और अंकुश मोहला की जोड़ी ने किया है। इस सीरीज में पूजा गौर के साथ ‘पंचायत’ फेम संविका, मनमोहन तिवारी और राजीव पांडे जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। हाल ही में मेकर्स द्वारा रिलीज किए गए इसके ट्रेलर को सोशल मीडिया पर दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे इस सीरीज को लेकर हाइप काफी बढ़ गई है।
Sorce /EMS
