लखनऊ। राजधानी के थाना गोसाईगंज क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले और इलाके में दहशत का माहौल बनाने वाले ‘गुज्जर गैंग’ के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। गोसाईगंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गैंग के 9 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
लाठी-डंडों और रॉड से किया था हमला, गाड़ियों को किया था क्षतिग्रस्त
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते 20 मई 2026 को पीड़ित (वादी मुकदमा) ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मई की मध्य रात्रि को लगभग 25 से 30 अज्ञात हमलावर दो पिकअप (डाला) और एक कार से एकराय होकर आए। इन लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया और वहां खड़ी बाइक (R15 और अपाचे) समेत एक स्विफ्ट डिजायर कार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।
जब पीड़ित और उसके परिजनों ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, गाली-गलौज की और दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का प्रयास किया। जाते-जाते हमलावरों ने रौब झाड़ते हुए कहा कि “हमसे पंगा लेने का नतीजा देख लिया।”
प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह के नेतृत्व में बनी थीं टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए गोसाईगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने त्वरित कार्रवाई की और मामले के सफल अनावरण व आरोपियों की धरपकड़ के लिए 2 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों की लगातार दबिश के चलते सबसे पहले 21 मई को नामजद अभियुक्त आजाद रावत (21 वर्ष) को काजीखेड़ा से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
इसके बाद पुलिस लगातार अन्य आरोपियों की सुरागरसी में जुटी थी। आज, 24 मई को मुखबिर खास की सूचना पर पुलिस ने गुज्जर गैंग के बाकी 9 अभियुक्तों को भी दबोच लिया, जिन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 192/2026, धारा 131/352/351(3)/324(4)/191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
- ज्वाला रावत पुत्र विजय रावत (निवासी: सिटकिया कलां, गोसाईगंज, लखनऊ)
- सौरभ उर्फ गोलू पुत्र लक्ष्मी प्रसाद (निवासी: मेढई का पुरवा मजरा निजामपुर, गोसाईगंज) (इसके खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है)
- संकेत उर्फ लवकुश पुत्र रामभजन (निवासी: मुल्लाखेड़ा, सुशान्त गोल्फ सिटी, लखनऊ)
- मन्नू उर्फ मन्नो पुत्र अगनू रावत (निवासी: बाजार मध्य वार्ड नं0-9, कस्बा गोसाईगंज)
- संदीप पुत्र सुदेश (निवासी: बाजार मध्य वार्ड नं0-09, कस्बा गोसाईगंज)
- नीरज पुत्र सजीवन लाल (निवासी: ग्राम बेगरियामऊ, गोसाईगंज) (इसके खिलाफ पूर्व में पाक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है)
- अंकित पुत्र रामभजन (निवासी: मुल्लाखेड़ा, सुशान्त गोल्फ सिटी, लखनऊ)
- शिवा रावत पुत्र अंजनी रावत (निवासी: निजामपुर, गोसाईगंज, लखनऊ)
- शिव बालक पुत्र भागीरथ (निवासी: ग्राम सिटकिया कलां, गोसाईगंज, लखनऊ)
आरोपियों का आपराधिक इतिहास:
पकड़े गए आरोपियों में से सौरभ उर्फ गोलू के खिलाफ गोसाईगंज थाने में ही साल 2024 में मारपीट और धमकी का मामला दर्ज है। वहीं, आरोपी नीरज एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ साल 2023 में गोसाईगंज थाने में गंभीर चोट पहुंचाने (धारा 308) और 7/8 पाक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
