उन्नाव। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के दौरान भीड़ में गुम हुए एक मासूम बच्चे को गंगाघाट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में सकुशल खोजकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही से परिजनों ने राहत की सांस ली और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने पुलिस टीम की जमकर प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र की जाजमऊ पुलिस चौकी अंतर्गत चंदन घाट पर ग्राम धुंधपुर, भरुआ सुमेरपुर निवासी अनुसुइया पत्नी राममुकेश अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने आई थीं। स्नान के दौरान भारी भीड़ के बीच उनका मासूम बच्चा अचानक लापता हो गया। बच्चे के गुम होने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
महिला द्वारा सूचना दिए जाने पर घाट पर ड्यूटी में तैनात आरक्षी सुशांत सिंह, रमेश और रोहित कुमार ने तत्काल जाजमऊ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद सिंह को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए घाट और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। वहीं, घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी गंगाघाट पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मासूम बच्चे को खोजने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद सिंह, आरक्षी सुशांत सिंह, आरक्षी रमेश एवं आरक्षी रोहित कुमार शामिल रहे।
