करौंदी मार्ग के पास से दबोचा गया आरोपी
पप्पू राजपूत
उन्नाव। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध एसपी के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अचलगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे के आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार 26 मई 2026 को थाना अचलगंज में मु0अ0सं0 130/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध का होने के कारण पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना की गईं।
मनोकामना मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़ा
थाना अचलगंज पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में बुधवार 27 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने करौंदी मार्ग स्थित मनोकामना मंदिर के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से आरोपी अमन टण्डन (उम्र 22 वर्ष) पुत्र सुनील, निवासी- हुसैन नगर, थाना कोतवाली सदर, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
भेजा जा रहा न्यायालय
अचलगंज थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और महिलाओं व बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जिला पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
