संवाददाता /राजेश राजपूत
उन्नाव। दिव्यांग जन फाउंडेशन की मासिक बैठक सुमेरपुर ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई, जिसमें करीब 50 दिव्यांगजनों ने भाग लिया। बैठक में दिव्यांगजनों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित साइट सेवर्स के जिला कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार पांडेय ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि समूह आधारित गतिविधियों से दिव्यांगजन आर्थिक रूप से मजबूत बन सकते हैं। साथ ही सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई।
सामाजिक समावेशन कार्यक्रम अधिकारी कौशलेंद्र मिश्रा ने दिव्यांगजनों की सामाजिक सुरक्षा और समाज में समान भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि समावेशी समाज के निर्माण में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
दिव्यांग जन फाउंडेशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने संगठन के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि फाउंडेशन दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
बैठक में फाउंडेशन के सुधीर कुमार द्विवेदी, ब्लॉक अध्यक्ष सुमेरपुर आशीष कुमार सिंह, हिलौली अध्यक्ष मनोज कुमार, निर्मला, दिनेश पाल (सिकंदरपुर कर्ण), दिलीप सिंह (बीघापुर) सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
फाउंडेशन के सचिव कांत तिवारी ने बताया कि संगठन जनपद के सभी ब्लॉकों में दिव्यांगजनों के हितार्थ कार्य कर रहा है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक के अंत में दिव्यांगजनों के कल्याण एवं संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए।
