पाटन (उन्नाव)। बिहार थाना क्षेत्र के तकिया निवासी 20 वर्षीय युवक की एक रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद कैफ रज़ा (20) पुत्र मोहम्मद शमी निवासी तकिया, थाना बिहार अपने कुछ दोस्तों के साथ एक रिजॉर्ट में गया था। वहां स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार कैफ फर्नीचर का कार्य करता था और अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलने पर पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के पिता एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री तेजबहादुर सिंह मृतक के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। इस कठिन समय में पूरा पुष्प फाउंडेशन परिवार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में प्रधान कुलदीप पटेल, पप्पू सिंह, अशोक तिवारी, प्रखर सिंह, राघवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत युवक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
