लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा लखनऊ में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईटीबीपी के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजय कुमार गुरदीन समेत बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योग गुरुओं ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन भी बेहतर होता है और व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आश्रम की प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने ध्यान एवं मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शांति, आत्मिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच विकसित करने के उपाय बताए। प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईटीबीपी के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजय कुमार गुरदीन ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है।
डॉ. गुरदीन ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। उन्होंने सभी अधिकारियों, जवानों एवं नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
योगाभ्यास कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ किया गया।
Source-pbshabd
