सह -संपादक /सूर्यपाल प्रोटेक
लखनऊ, 21 जून। कानपुर-लखनऊ राजमार्ग स्थित एमजीआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज एवं शेखर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके नियमित अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया।
योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग की योग प्रशिक्षक श्रीमती मीता गुप्ता एवं श्रीकांत श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
संस्थान के अध्यक्ष सी.एल. शेखर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का गौरवशाली प्रतीक है, जिसे आज पूरा विश्व अपनाकर लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यकारी निदेशक निहित शेखर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। वहीं निदेशक डॉ. ज्योति प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में योग तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और व्यक्तित्व विकास का सर्वोत्तम साधन है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने की शपथ ली। यह आयोजन संस्थान की सामाजिक एवं शैक्षणिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ तथा प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक और यादगार अनुभव रहा।
