वन विभाग और ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयास से हुआ पौधरोपण, 10 हजार पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य
उन्नाव/पाटन। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अंतर्गत रविवार को तहसील बीघापुर क्षेत्र के विकासखंड बीघापुर की ग्राम पंचायत खेसुआ में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग की टीम ने ग्राम प्रधान सुनील कुमार उर्फ लल्ली यादव तथा ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम सभा की भूमि पर 150 पौधे रोपित किए।
कार्यक्रम का नेतृत्व वन दरोगा राम बहादुर ने किया। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार क्षेत्र में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
ग्राम प्रधान सुनील कुमार उर्फ लल्ली यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत को हरा-भरा बनाने के लिए लगातार पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर वन विभाग के दरोगा मोहित दुबे, रामकुमार, प्रीति पटेल, वन रक्षक बेबी, सोनी दीक्षित तथा वनमाली पुतराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अपनी-अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
