चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना स्थल पर भूस्खलन और पानी के रिसाव से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 7 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों का नजदीकी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के समय सुरंग में 22 मजदूर फंसे हुए थे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दो मजदूरों की तलाश अभी जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ समेत अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सुरंग में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपातकालीन संचालन केंद्रों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर राहत और बचाव कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों और सभी संबंधित एजेंसियों को राहत एवं बचाव अभियान में पूरी तत्परता के साथ जुटने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता सुरंग में फंसे दोनों श्रमिकों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। हादसे के बाद क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
