बारिश से कीचड़ और गंदगी मिलने पर चारों टीनशेड के नीचे मिट्टी व राबिस डलवाने के आदेश
बिछिया, उन्नाव। एनजीओ के संचालन के दौरान गौशाला की व्यवस्थाओं में लापरवाही और अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद बिछिया ब्लॉक के तौरा गांव स्थित वृहद गौशाला की जिम्मेदारी दोबारा ग्राम पंचायत को सौंप दी गई है। पंचायत के जिम्मेदारी संभालने के बाद रविवार दोपहर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) विनोद कुमार ने गौशाला का औचक निरीक्षण कर पशुओं की स्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बारिश के चलते गौशाला परिसर में जगह-जगह कीचड़ और गंदगी मिली। अव्यवस्था देखकर सीवीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने परिसर के साथ ही चारों टीनशेड के नीचे पर्याप्त मात्रा में सूखी मिट्टी और राबिस डलवाने के निर्देश दिए, ताकि पशुओं को कीचड़ में रहने की स्थिति न बने।
गौशाला में एक स्थान पर ताली पड़ी होने की स्थिति भी सामने आई। इस पर सीवीओ ने ग्राम विकास अधिकारी ओम शंकर तिवारी को तत्काल पशुओं के नीचे और परिसर में पर्याप्त मिट्टी डलवाने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बीमार पशुओं के लिए अलग उपचार कक्ष बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीवीओ ने गौशाला परिसर में बीमार पशुओं के लिए अलग उपचार कक्ष बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखकर उनका उपचार कराया जाए, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका कम हो और बीमार पशुओं की समय पर बेहतर देखभाल हो सके।
सीवीओ ने पशुओं के खान-पान, साफ-सफाई, रहने की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के मौसम में पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए गौशाला की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा टीम, ग्राम विकास अधिकारी ओम शंकर तिवारी, केयरटेकर वीरेंद्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
