पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम नारायणदासखेड़ा निवासी दीपिका पत्नी अवधेश कुमार ने अपनी राशन की दुकान बहाल कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी बीघापुर को प्रार्थना पत्र दिया है। महिला ने आपूर्ति विभाग पर दुकान बहाली में कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, दीपिका ने बताया कि वह 1 सितंबर 2025 को अस्वस्थ होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचगांव पहुंची थीं। चिकित्सक द्वारा उन्हें करीब 15 दिन बेड रेस्ट की सलाह दी गई थी। इसके बाद 16 सितंबर 2025 को स्वस्थ होने पर चिकित्सक ने उन्हें स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जारी किया।
महिला का कहना है कि स्वास्थ्य प्रमाणपत्र को उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर 19 सितंबर 2025 को आपूर्ति कार्यालय बीघापुर में जमा कर दिया था। इसके बावजूद उनकी राशन की दुकान बहाल नहीं की गई।
दीपिका के अनुसार, उन्हें 27 अगस्त 2026 को आपूर्ति कार्यालय बुलाया गया, जहां पत्रांक संख्या 171 दिनांक 27 अगस्त 2026 के माध्यम से नोटिस दिया गया। महिला ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि नोटिस में लगाए गए आरोपों की उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने पूरे प्रकरण में किसी विशेष व्यक्ति द्वारा सुनियोजित तरीके से कार्रवाई किए जाने की आशंका भी जताई है।
पीड़ित महिला ने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी राशन की दुकान बहाल किए जाने की मांग की है। महिला का कहना है कि राशन की दुकान उसके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है। दुकान बंद होने से परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
न्याय की मांग को लेकर महिला लगातार तहसील और संबंधित कार्यालय के चक्कर लगा रही है। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
