सिद्धौर, बाराबंकी। जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के सिद्धौर ब्लॉक अंतर्गत जमलापुर गांव स्थित बाबा श्रीकेशरीदास मंदिर परिसर में गणेश उत्सव के अवसर पर भव्य झांकी एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भजन-कीर्तन एवं आकर्षक झांकियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में लखनऊ के सौरोही आर्ट झांकी ग्रुप की ओर से प्रस्तुत विभिन्न मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों की धार्मिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्रद्धा म्यूजिकल जागरण परिवार, मवई चौराहा अयोध्या धाम की टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
भजन गायिका पूजा कौशल, अंजनी साहू और अमन राजपूत सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को देर तक बांधे रखा। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग किया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की भक्ति के साथ भजन-कीर्तन और झांकियों का भरपूर आनंद लिया।
