उन्नाव । विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के सुमेरपुर विकासखंड अंतर्गत साँझामऊ, उसरहा बेहटा और गुलरिहा ग्राम पंचायतों में जल विहार उत्सव एवं आल्हा गायन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। तीनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में राष्ट्रसेवक पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर क्षेत्रीय लोगों और आयोजन समितियों ने फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिलती है। उन्होंने जातिवाद की भावना को समाप्त कर मानवतावादी सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी लोगों से एकजुट होकर समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
तीनों स्थानों पर आयोजित जल विहार उत्सव में महिलाओं और बहनों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक आल्हा गायन ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कु. नैना गौतम ने शानदार आल्हा गायन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने तीनों ग्राम पंचायतों की आयोजन समितियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम हैं।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण शामिल हुए। आल्हा गायन और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विक्रम सिंह, बबलू सिंह, हीरालाल सिंह राठौर, इकबाल सिंह प्रधान, मानवेन्द्र सिंह, प्रखर सिंह, जयप्रकाश यादव, गौरीशंकर सिंह, लखन कुशवाहा, करुणा जायसवाल, रमेश लोधी, रामजी यादव, चांदनी देवी, शिखा, कृष्णा सहित आयोजन समितियों के सदस्य एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
