पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के सुमेरपुर तिराहे के पास गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पीएचसी सुमेरपुर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है।
गढ़ी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ छोटू (22) पुत्र गोवर्धन पासी अपने साथी अभिषेक कुमार (17) पुत्र दशरथ पासी के साथ बाइक से पाटन दवा लेने जा रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सुमेरपुर तिराहे के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
विकास की हालत अधिक गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, तभी अचलगंज के पास उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। वहीं अभिषेक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना पर अचलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उन्नाव भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है।
विकास भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां बिटाना देवी, भाई दशरथ व बड़कू तथा बहनों कुशुमा और ननकई समेत अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
