अमृत भारत स्टेशन योजना की प्रगति देखी, तकनीकी दिक्कतें दूर करने के दिए निर्देश; आरपीएफ हिरासत में नेपाली युवक की मौत का मामला भी उठा
उन्नाव। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने शनिवार को उन्नाव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्होंने निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी समस्याओं को समय से दूर करने तथा निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्नाव रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। डीआरएम के मुताबिक, भवन के भूतल की कास्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि ऊपरी मंजिल की कास्टिंग का काम जारी है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की स्थिति, तकनीकी आवश्यकताओं और कार्य की गति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को चालू वित्तीय वर्ष में मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए जरूरी ड्राइंग और तकनीकी समस्याओं का समय से समाधान किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक से जुड़ी प्रस्तावित परियोजना का मुद्दा भी सामने आया। बताया गया कि पूर्व सांसद अन्नू टंडन के कार्यकाल में वर्ष 2012 में इस परियोजना का सर्वे कराया गया था। इस पर डीआरएम ने कहा कि परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी लेने के बाद ही उसकी मौजूदा स्थिति और आगे बढ़ने की संभावनाओं के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
वहीं, आरपीएफ हिरासत में नेपाली नागरिक की मौत का मामला भी निरीक्षण के दौरान उठाया गया। इस संबंध में सवाल किया गया कि हिरासत के दौरान युवक तक नुकीली या धारदार वस्तु कैसे पहुंची और निगरानी के बावजूद उसकी मौत कैसे हुई। इस पर डीआरएम ने कहा कि वह आरपीएफ कमांडेंट से बातचीत कर मामले की विस्तृत जानकारी लेंगे। फिलहाल उन्होंने किसी अधिकारी की लापरवाही या कार्रवाई के संबंध में कोई पुष्टि नहीं की।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
