- समाजसेवी इमरान खान व रामनरेश गौतम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मौरावां, उन्नाव। हिलौली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पारा में रविवार से शुरू हुई ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला दिन रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा। उद्घाटन अवसर पर समाजसेवी इमरान खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई। खेल समापन पर विजेता खिलाड़ियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के नेता एवं युवा समाजसेवी रामनरेश गौतम ने फीता काटकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने की अपील की।प्रतियोगिता का पहला मैच हिलौली और बलियाखेड़ा के बीच खेला गया, जिसमें हिलौली टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 118 रन बनाए। जवाब में बलियाखेड़ा की टीम केवल 18 रन पर सिमट गई।
दूसरे मैच में गौरवखेड़ा और अर्जुनगंज के बीच मुकाबला हुआ। गौरवखेड़ा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 87 रन बनाए, जबकि अर्जुनगंज टीम 55 रन पर ऑलआउट हो गई।
इसके बाद दोनों विजेता टीमों हिलौली और गौरवखेड़ा के बीच तीसरा मुकाबला खेला गया, जिसमें गौरवखेड़ा टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
सगुन चौहान को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।मैदान पर मौजूद सैकड़ों दर्शक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर इमरान शेख ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अनिरुद्ध शुक्ला, शोएब, रिहान, समसुल आरफीन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
